कोलकाता के कारीगरों ने सजाया भव्य दरबार, आज गूंजेगा श्याम नाम का स्वर


श्याम भजन प्रस्तुत करने वाले कलाकार

     
सूरजपुर| आज शुक्रवार को नगर श्याम भक्ति के रंग में रंगने जा रहा है। डोम के नीचे सजा भव्य दरबार, कलकत्ता से आए कारीगरों की कला, श्याम रसोई की सुगंध और बाबा के खजाने के उत्साह ने माहौल को पहले ही आध्यात्मिक बना दिया है। दो जनवरी की यह शाम श्याम-प्रेमियों के लिए यादगार बनने जा रही है, जब हजारों की मौजूदगी में संकीर्तन की धुनों पर श्याम श्याम का नाम निश्चित रूप से गूंजेगा।

श्री श्याम सेवा समिति सूरजपुर के द्वारा बाबा श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव का आयोजन दो जनवरी को रंगमंच मैदान में किया जा रहा है। नगर पालिका द्वारा बनाए गए लगभग 20 हजार वर्गफुट के टेनसाइल डोम में यह आयोजन अपने दूसरे संस्करण के रूप में और भी भव्य स्वरूप लेने जा रहा है। समिति ने पिछले एक माह से तैयारी में जुटकर आयोजन को विशेष और यादगार बनाने का संकल्प लिया है। महोत्सव में श्याम रस की अलख जगाने के लिए देश के ख्याति प्राप्त भजन प्रवाहकों को आमंत्रित किया गया है। मुख्य संकीर्तन में दिल्ली की प्रसिद्ध भजन गायिका शीतला पांडेय, कलकत्ता की पूजा नथानी, तथा कलकत्ता के अनमोल-शुभम की जोड़ी अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्याम भक्ति की धारा प्रवाहित करेंगे। संकीर्तन में पप्पू महाराज के पावन सान्निध्य में राहुल अग्रवाल द्वारा शीश सेवा की जाएगी। बाबा श्याम का दरबार को भव्य रूप देने के लिए कलकत्ता के कारीगरों और दरबार सेवकों को विशेष रूप से बुलाया गया है, जो फूलों की सजीव सजावट के माध्यम से दरबार को अद्भुत स्वरूप प्रदान कर रहे हैं। बाबा का अलौकिक श्रृंगार, इत्र वर्षा और श्याम रसोई भक्तों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। साथ ही "बाबा का खजाना" ड्रा का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसके कारण श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा संपूर्ण व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में सुनील अग्रवाल, पप्पल अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, अमित रोहिल्ला, पवन अग्रवाल, रोहित गर्ग, रूपेश मित्तल, रवि अग्रवाल, राकेश बंसल, प्रियांशु जैन, सचिन अग्रवाल सहित समिति के अनेक सदस्य जुटे हुए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ